सलमान खान से रंगदारी मांगने के आरोप में शेख हुसैन नामक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस द्वारा जमशेदपुर पुलिस के सहयोग से तीन दिनों की ताबड़तोड़ छापामारी के बाद यह बड़ी सफलता हासिल की गई। बुधवार को मानगो इलाके से शेख हुसैन को गिरफ्तार किया गया, और उसका वह मोबाइल भी जब्त किया गया जिससे उसने धमकी भरा मैसेज भेजा था।शेख हुसैन पर आरोप है कि उसने सलमान खान से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए, तो सलमान खान की स्थिति पूर्व राजनेता बाबा सिद्दीकी से भी बदतर होगी।
उसने व्हाट्सएप पर यह संदेश भेजकर दावा किया कि वह लारेंस बिश्नोई गैंग का करीबी है और सलमान खान से बिश्नोई की दुश्मनी सुलझाने के लिए यह रकम मांगी जा रही है। धमकी को हल्के में न लेने की चेतावनी भी दी गई थी।जानकारी के अनुसार, शेख हुसैन पेशे से सब्जी बेचता है और उसने टीवी पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई द्वारा सलमान खान की हत्या कराने की खबरें देखी थीं। उसी के आधार पर उसने यह कदम उठाया।
शेख हुसैन ने इंटरनेट पर मुंबई ट्रैफिक पुलिस का नंबर सर्च कर, उसके व्हाट्सएप नंबर पर धमकी भरा संदेश भेजा और फिर अपना मोबाइल बंद कर दिया। 16 अक्टूबर को यह मैसेज मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने फोन नंबर को ट्रेस करना शुरू किया, जिससे पता चला कि यह कॉल जमशेदपुर से किया गया था।मुंबई पुलिस ने जमशेदपुर पुलिस की मदद से मानगो, जुगसलाई और बागबेड़ा में छापामारी की और अंततः शेख हुसैन को गिरफ्तार किया गया। गुरुवार को उसे जमशेदपुर कोर्ट में प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शेख हुसैन का किसी अन्य संगठित अपराध से संबंध है या नहीं। मामले की जांच अभी जारी है।