जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। हजारों सांपों को सुरक्षित जंगलों में छोड़ने वाले सर्पमित्र मुरलीवाले हौसला खुद एक कोबरा के डसने का शिकार हो गए। जलालपुर इलाके में रेस्क्यू के दौरान बिना सेफ्टी टूल्स के पहुंचे हौसला को एक कोबरा ने काट लिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। करीब पांच घंटे तक वे बेहोश रहे, लेकिन डॉक्टरों की मेहनत और 10 एंटीवेनम इंजेक्शन के बाद उनकी जान बचाई जा सकी।
घटना उस समय हुई जब ग्रामीणों द्वारा बार-बार छेड़े जाने से कोबरा आक्रामक हो गया था। जैसे ही मुरलीवाले ने जाल हटाने की कोशिश की, सांप ने उन्हें तेजी से काट लिया। कोबरा के कुछ दांत उनकी उंगली में फंसे रह गए, जिन्हें उन्होंने खुद अपने दांतों से निकाला।
हौसला ने बताया कि डसने के बाद उनके पास केवल 40 मिनट थे। उन्होंने अपनी गाड़ी स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं चली। ऐसे में जिनके यहां रेस्क्यू के लिए पहुंचे थे, उन्हीं की बाइक से 38 मिनट में अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार, थोड़ी सी और देरी होती तो उनकी जान बचाना मुश्किल था।
WhatsApp ग्रुप से जुड़िए!
ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़ और अपडेट पाएं सबसे पहले हमारे ग्रुप में।
फिलहाल अब उनकी हालत स्थिर है और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने शीतला माता चौकियां में दर्शन भी किए। उन्होंने फेसबुक लाइव आकर घटना की जानकारी साझा की और सभी शुभचिंतकों का आभार जताया।
मुरलीवाले हौसला एक प्रसिद्ध सर्प मित्र और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। वह अब तक 8000 से अधिक सांपों को सुरक्षित बचा चुके हैं। उनका संदेश है कि सांपों को मारने की बजाय उन्हें संरक्षण देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आगे से कभी बिना सुरक्षा उपकरणों के रेस्क्यू पर नहीं जाएंगे।